पालेज की रखवाली करने जा रहे एक ग्रामीण की गर्रा नदी में डूबकर मौत हो गई। घरवालों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
गांव गुर्रा निवासी 42 वर्षीय महिपाल रविवार सुबह लगभग दस बजे गर्रा नदी के पार अपनी पालेज की रखवाली करने जा रहे थे। महिपाल के साथ उनका छह वर्षीय पुत्र गोलू भी था। नदी के तट पर पहुंचकर महिपाल नेे गोलू को घर लौट जाने के लिए कहा और खुद नदी पार करने के लिए धारा में उतर गए। जब वह बीच नदी में पहुंचे तो अचानक गहरे पानी में चले गए। कुछ देर हाथ-पांव चले, लेकिन फिर वह शांत हो गए। बेटे ने घर पहुंचकर घरवालों को सूचना दी। महिपाल के डूबने की सूचना पाकर पत्नी राजकुमारी, बेटा सर्वेश कुमार, सुखपाल, बेटी सरिता और विमला रोती बिलखती गांववालों के साथ नदी पर पहुंचीं। गांववालों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर करीब एक बजे महिपाल का शव नदी से बाहर निकाला। घरवालों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया।