नेत्रपाल का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
शाहजहांपुर। लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर बृहस्पतिवार रात घायल मिले युवक की राजकीय मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। उनकी पहचान नेत्रपाल (40) निवासी अहियापुर थाना बिथरी चैनपुर, बरेली के रूप में हुई। वह जेसीबी कंपनी में हेड इंजीनियर थे।
तिलहर पुलिस को बृहस्पतिवार को गश्त के दौरान नेशनल हाईवे पर बंथरा के पास युवक के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली थी। सिर में हेलमेट लगा था, लेकिन सीने पर चोट थी। आशंका है कि किसी अज्ञात वाहन से उनकी बाइक में टक्कर लगी होगी। पुलिस ने उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
जेब से मिले मोबाइल नंबर और आधार कार्ड के जरिये उनकी पहचान हो सकी। रात में परिजन रोते-बिलखते पहुंचे। पोस्टमार्टम हाउस में परिजनों ने बताया, बरेली की जेसीबी कंपनी में हेड इंजीनियर नेत्रपाल बृहस्पतिवार को पुवायां के जेंवा गांव में मशीन सही कर लौट रहे थे। उनकी मौत से पत्नी ममता देवी, बेटे प्रताप यादव आदर्श यादव व बेटी अंजलि यादव का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।