अतिक्रमण हटवाता नगर निगम का प्रर्वतन दल। संवाद
शाहजहांपुर। नगर निगम की ओर से शनिवार को सदर बाजार से घंटाघर तक अतिक्रमण हटवाया गया। जेसीबी के साथ पहुंचे प्रवर्तन दल ने सड़क पर रखे सामान को जब्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी। इसको देखकर दूसरे दुकानदारों ने अपना सामान पहले से ही समेट लिया।
नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र के निर्देश पर उप नगर आयुक्त डॉ. संगीता कुमारी के नेतृत्व में अतिक्रमणकारियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई। दो दिन पहले बहादुरगंज बाजार में पिंक शौचालय के पास से पचराहा तक स्थित दुकानों के सामने सड़क से अतिक्रमण हटवाया गया। शुक्रवार को भी नगर निगम के प्रवर्तन दल ने बहादुरगंज पहुंचकर दुकानदारों को अपनी दुकान का सामान अंदर रखने के लिए निर्देशित किया। साथ ही सामान जब्त करने की चेतावनी दी गई। शनिवार दोपहर को प्रवर्तन दल के अधिकारी अजीम के नेतृत्व में सदर बाजार से घंटाघर तक अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। इस बीच दुकानें के आगे सड़क तक रखे गए सामान को प्रवर्तन दल ने उठवाकर ट्राली में डलवाना शुरू कर दिया। जिसको देखकर दूसरे दुकानदारों ने खुद ही सड़क पर रखे सामान को हटाना शुरू कर दिया। उन्हें चेतावनी दी गई कि अगर सड़क पर सामान रखा मिला तो जब्त कर लिया जाएगा। इस बीच कुछ दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध करना चाहा, लेकिन उनकी एक नहीं चली। उप नगर आयुक्त संगीता कुमारी ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।