कांट में अतिक्रमण अभियान शुरू होने से पहले खुद ही अतिक्रमण हटाते लोग। संवाद
शाहजहांपुर। शाहजहांपुर-फर्रुखाबाद स्टेट हाईवे पर बरेली मोड़ से जलालाबाद तक हाईवे के चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। अतिक्रमण की वजह से कांट में चौड़ीकरण के कार्य में बाधा आ रही है। सोमवार को प्रशासन और पीडब्ल्यूडी टीम यहां अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाएगी। कुछ लोगों ने तोड़फोड़ के डर से खुद ही अतिक्रमण हटाने शुरू कर दिए हैं।
पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के पत्र पर प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की हामी भर दी है। इसके लिए टीम को भी गठित कर दिया गया है। कांट में अतिक्रमण हटाने के लिए पीडब्ल्यूडी की ओर से लाल निशान लगा दिए थे। इसके बाद भी लोग अतिक्रमण नहीं हटा रहे थे। इस वजह से चौड़ीकरण का काम प्रभावित हो रहा था। यहां सात मीटर चौड़े हाईवे को 25 मीटर चौड़ा बनाया जाना है। इस कार्य की स्वीकृति वर्ष 2022 में मिल थी, जिसको जनवरी 2025 तक पूरा करना है।
पीडब्ल्यूडी ने निर्माण की जिम्मेदारी एसएस इंफ्रा जोन को दिया है। वन विभाग की ओर से स्टेट हाईवे पर 5740 पेड़ों के कटान की अनापत्ति नहीं मिल सकी। इस वजह से निर्माण कार्य बहुत धीमी गति से चल रहा है। कांट बाजार में सड़क के दोनों तरफ 60-60 फिट अतिक्रमण हटाने के निशान पहले से लगा दिए गए हैं। वन विभाग की अनापत्ति की प्रक्रिया चल रही है। एडीएम सदर ज्ञानेंद्र नाथ ने बताया कि पीडब्ल्यूडी के विभाग के अधिकारियों का पत्र अतिक्रमण हटाने के लिए आया था। पत्र के आधार पर टीम गठित कर दी गई है। सोमवार को अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू होगी।