अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत मंगलवार को प्रशासन ने नगरपालिका व पुलिस टीम के साथ मिलकर बहादुरगंज से लेकर बहादुरगंज पचराहे तक अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान नाली के ऊपर बने पक्के निर्माण को जेसीबी के जरिये तोड़ दिया गया। इस दौरान व्यापारियों से नोकझोंक भी हुई, लेकिन व्यापारियों की एक नहीं सुनी गई। सिटी मजिस्ट्रेट विनय प्रकाश श्रीवास्तव, सीओ सिटी सुमित शुक्ला के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने के लिए टीम दोपहर 12 बजे बहादुरगंज पुलिस चौकी के पास पहुंची और यहां सड़क के दोनों ओर अतिक्रमण किए बैठे व्यापारियों को चेताते हुए कार्रवाई शुरू कर दी। जिन लोगों ने नाली के ऊपर ऊंचाई तक लोहे का जाल व पक्का निर्माण करके समोसा आदि बनाने का काम शुरू किया था उनका निर्माण भी जेसीबी के जरिये तोड़ दिया गया। इस दौरान कुछ व्यापारियों ने पक्षपात पूर्ण कार्रवाई का आरोप लगाते प्रशासनिक अधिकारियों व पालिका कर्मचारियों से नियम के मुताबिक अतिक्रमण हटाने को कहा। इस दौरान नोकझोंक भी हुई। दोपहर दो बजे तक चली इस कार्रवाई में पुलिस व प्रशासन की सख्ती के आगे अतिक्रमणकारियों को पीछे हटना पड़ा। सिटी मजिस्ट्रेट ने चेतावनी दी कि यदि दोबारा अतिक्रमण करने की कोशिश की गई तो अतिक्रमणकारी के लिए कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। इस दौरान इंस्पेक्टर डीसी शर्मा, अधिशासी अधिकारी एसके सिंह, अवर अभियंता एमसी शुक्ला, अवर अभियंता वीजे यादव, सहायक अभियंता नारायण झा, अनिल रस्तोगी, विजय शुक्ला, मुनीर अहमद, कर निर्धारण अधिकारी राकेश श्रीवास्तव, कर अधीक्षक कुलदीप अवस्थी आदि लोग मौजूद थे।