शाहजहांपुर। भीषण गर्मी में बिजली के लोकल फाॅल्ट खत्म होने का नाम नहीं ले रहे है। रविवार को कचहरी के पास गिरताऊ खंभे को सही करने के चलते सात घंटे तक बिजली गुल रही। वहीं अलीजई वाली गली में बंच लाइन जलने से पूरी रात लोग बिजली के लिए तरसते रहे।
सदर से कचहरी जाने वाले मार्ग पर स्कूल के सामने बिजली का खंभा काफी जर्जर हालत में था। गिरताऊ हालत में होने के कारण रविवार को सुबह दस बजे मरम्मत का कार्य शुरू कराया। इस बीच चार सौ केवीए के ट्रांसफार्मर से करीब छह सौ घरों की आपूर्ति बाधित रही।
बिजली जाने से पूरे दिन लोग परेशान रहे। इस बीच आगरा कैफे के आसपास इलाका, डीआईओएस कार्यालय वाली कॉलोनी आदि की आपूर्ति बंद रही।
दूसरी ओर बहादुरगंज उपकेंद्र के अलीजई जाने वाली बंच लाइन रात करीब दस बजे जल गई। रात में बंच नहीं पड़ने के चलते पूरी रात करीब दो सौ घराें के लोग गर्मी में बेहाल रहे। उनके इन्वर्टर डाउन हो गए। इसी तरह निगोही रोड उपकेंद्र पर फाॅल्ट की झड़ी लग गई।
मोहल्ला हाथीथान में मुन्ना पंडित के मकान के पास दो बजे लोकल फाॅल्ट के चलते बिजली गुल हो गई। इसी तरह रामनगर कॉलोनी में शाम सात बजे वोल्टेज की समस्या आने से बड़ी संख्या में लोग परेशान रहे।