शाहजहांपुर। बिजली निगम ने दिवाली को देखते हुए मरम्मत कार्य शुरू करा दिया है। त्योहार पर निर्बाध आपूर्ति देने के लिए 220 केवी पैना ट्रांसमिशन में कार्य कराकर तैयारियां दुरुस्त की जा रहीं हैं। इसी क्रम में शनिवार को ट्रांसमिशन में मरम्मत के कार्य के दौरान बहादुरगंज विद्युत उपकेंद्र के साढ़े आठ हजार घरों की बिजली आपूर्ति ठप रहीं। इस दौरान लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सुबह 8:20 बजे पैना ट्रांसमिशन में काम शुरू कराया गया। इस अवधि में बहादुरगंज और आवास विकास फीडर की आपूर्ति ठप हो गई। आवास विकास ने पड़ोसी उपकेंद्र से इंटरकनेक्ट सिस्टम से आपूर्ति को जोड़ लिया, हालांकि बहादुरगंज ने डेढ़ घंटे के शटडाउन के चलते इतना ही समय इंटरकनेक्ट सिस्टम में लगने के चलते सप्लाई को नहीं जोड़ा। इसके चलते उपकेंद्र के बहादुरगंज, चमकनी, करबला, अंटा, खलीलशर्की, खलीलगर्वी, अलीजई, तारीन टिकली, झंडा, रंगीन चौपाल समेत दर्जनों मोहल्लों की आपूर्ति बाधित रही। सुबह में बिजली गायब होने से लोगों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा। अवर अभियंता सतीश चंद्रा ने बताया कि मरम्मत कार्य के चलते शटडाउन लिया गया था।