शाहजहांपुर/कांट। जमौर विद्युत उपकेंद्र के दस एमवीए के ट्रांसफार्मर को बड़े चबूतरे पर रखे जाने की वजह से पांच घंटे का शटडाउन लिया गया। इसके चलते औद्योगिक फीडर समेत पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित रही। भीषण गर्मी में बिजली गायब होने से लोग परेशान हो गए। उपकेंद्र से करीब साढ़े नौ हजार उपभोक्ता जुड़े हैं।
दस एमवीए के ट्रांसफार्मर को बड़े चबूतरे पर रखवाने के लिए बुधवार को दोपहर 12 बजे से शटडाउन लिया गया। इसके बाद जेसीबी के जरिये ट्रांसफार्मर को उठाकर रखने का काम किया। इसके चलते औद्योगिक एरिया समेत पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित रही। बिजली गुल होने से अधिकतर फैक्टरी बंद रहीं। वहीं लघु उद्योग भी ठप हो गए।
गर्मी में सप्लाई नहीं आने से लोगों को काफी दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। लगातार चलने की वजह से इन्वर्टर भी डाउन हो गए। शाम करीब पांच बजे कार्य समाप्त होने के बाद आपूर्ति आने से लोगों ने राहत की सांस ली। जेई आदर्श कुमार ने बताया कि भीषण गर्मी से पहले कार्य को पूर्ण करा लिया गया।
आज बंद रहेगी बंडा-खुटार की बिजली
-132 केवी उपकेंद्र बंडा में बृहस्पतिवार को मुख्य बस में कार्य कराए जाने की वजह से सुबह आठ से नौ बजे तक शटडाउन लिया जाएगा। पारेषण केंद्र के अधिशासी अभियंता ने बताया कि शट डाउन की वजह से नानकपुरी ढका, खुटार, बंडा की आपूर्ति बाधित रहेगी।
-
अधिशासी अभियंता ने बैठक में दिए निर्देश
-एक्सईएन ग्रामीण केएन पाडेय ने बुधवार को वाईबाग में एसडीओ व जेई की बैठक में कार्य की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि फाल्ट आने पर तुरंत ही सप्लाई को बहाल कराया जाए। अधिक देरी होने पर नोटिस देकर जवाब मांगा जाएगा। उन्होंने चेकिंग अभियान में एसडीओ व जेई को भी साथ में जाने के लिए निर्देशित किया।