शाहजहांपुर। सीएमओ कार्यालय के सामने ई-बस पर पोल गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं रोजा से आने वाली 33 केवी लाइन ट्रिप होने के बाद लाइन लगाने के दौरान अब्दुल्लागंज विद्युत उपकेंद्र की इनकमिंग ट्रॉली व पैनल में धमाका हो गया। इस दौरान 12 हजार घरों की बिजली आपूर्ति पांच घंटे तक बाधित रही।
जेल रोड पर सीएमओ कार्यालय के आगे ई-बस के ऊपर बिजली का पोल गिर गया। बस में अधिक सवारी नहीं थीं। इस बीच यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सड़क पर जाम लग गया। बमुश्किल जाम को खुलवाया गया। बिजली निगम के कर्मचारियों ने पोल को हटाकर बस को पास कराया। इसके बाद सप्लाई को बहाल कराने का प्रयास किया।
इसके अलावा शनिवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे 33 केवी लाइन ट्रिप हो गई। एसएसओ ने अब्दुल्लागंज उपकेंद्र पर लाइन को लगाने का प्रयास किया तो इनकमिंग ट्रॉली व पैनल में धमाका हो गया। धमाका होने पर कर्मचारी बाहर की ओर भाग खड़े हुए। पैनलों से धुआं निकलने के बाद लाइन ट्रिप हो गई। इसके चलते चौक, मेहमान शाह, मघईटोला, अब्दुल्लागंज समेत दर्जनों मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। एक्सईएन अरविंद कुमार की निगरानी में काम को शुरू कराया गया। जेई अंकित तिवारी ने लाइन को दुरुस्त कराने का प्रयास किया। रात करीब साढ़े आठ बजे बिजली आपूर्ति बहाल होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
तिलहर में इनकमिंग ट्रॉली में हुआ धमाका
तिलहर। विद्युत उपकेंद्र पर इनकमिंग ट्रॉली में शनिवार की दोपहर लगभग एक बजे धमाका हो गया। इसके कारण पूरे नगर क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। लाइन फाल्ट को ठीक करने के बाद शाम चार बजे बिजली आपूर्ति शुरू की गई। कुछ ही देर में रोस्टरिंग की वजह से फिर आपूर्ति बंद कर दी गई। बाद में शाम लगभग छह बजे आपूर्ति शुरू होने पर लोगों ने राहत की सांस ली। संवाद
लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे लोग
परौर। क्षेत्र में लो-वाेल्टेज की समस्या से लोग परेशान हैं। करीब एक माह से बिजली संकट गहराया है। थाने के कार्य के लिए किराये पर जेनरेटर लाकर चलाना पड़ रहा है। सौर ऊर्जा की प्लेटों से भी काम नहीं चल रहा है। दूसरी ओर लो-वोल्टेज की समस्या से लोग परेशान हैं। संवाद