शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के मोक्षधाम रेलवे क्रासिंग के पास शुक्रवार सुबह 50 वर्षीय महिला ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। उसका शव डाउन लाइन पर पड़ा होने के कारण करीब एक घंटे यातायात बाधित रहा। शव की पहचान नहीं हो सकी है।
रोजा और शाहजहांपुर के बीच सुबह सवा सात बजे मोक्षधाम रेलवे क्रासिंग के पास बुजुर्ग महिला बालामऊ पैसेंजर के सामने कूद गई। ट्रेन की टक्कर लगने से उसकी मौत हो गई। बताते हैं कि महिला काफी देर तक रेलवे ट्रैक पर बैठी रही। जैसे ही ट्रेन आई, वह उसके आगे आ गई। इस बीच आसपास के लोगों की भीड़ लग गई। महिला ने हरे रंग की साड़ी पहनी थी। ट्रेन चालक के मेमो के बाद जीआरपी मौके पर पहुंची। एरिया सिविल पुलिस का होने के कारण थाने पर सूचना दी गई। सदर पुलिस ने शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। सवा आठ बजे शव को हटाकर ट्रैक साफ कराया गया। इस दौरान सीतापुर पैसेंजर शाहजहांपुर स्टेशन की पांच नंबर लाइन, किसान एक्सप्रेस एक नंबर पर खड़ी रही। पंजाब मेल, जननायक एक्सप्रेस आदि भी बंथरा और तिलहर स्टेशन पर रोक दी गई।