नवोदय के आठ विद्यार्थी राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित
जवाहर नवोदय विद्यालय में आयोजित होने वाली युवा संसद प्रतियोगिता में नवोदय विद्यालय समिति क्षेत्रीय कार्यालय लखनऊ ने प्रथम स्थान हासिल किया है। यूपी और उत्तराखंड की इस प्रतियोगिता में शाहजहांपुर नवोदय स्कूल के छात्र-छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया है। प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए यहां के आठ विद्यार्थियों का चयन किया गया है। प्रधानाचार्य एके शुक्ल ने बताया कि राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयनित विद्यार्थियों में निधि सक्सेना, नीलम गंगवार, अंगराज सिंह, दृष्टि गुप्ता, अभिनव शुक्ला, रामचंद्र, प्रज्ञा सिंह, पल्लवी शामिल हैं। यह प्रतियोगिता स्थानीय नवोदय विद्यालय में एक दिसंबर को हुई थी, जिसमें बतौर मुख्य अतिथि पूर्व गृह राज्यमंत्री स्वामी चिन्मयानंद, संसदीय कार्य मंत्रालय के उप सचिव आरसी मोहंती और नवोदय विद्यालय समिति मुख्यालय नोएडा के उपायुक्त जी अरुमुगम शामिल हुए थे। इन्हीं अतिथियों ने निर्णायक की भी भूमिका निभाई थी। प्रधानाचार्य शुक्ला ने बताया कि पुरस्कार वितरण समारोह जुलाई में जीएमसी बालयोगी ऑडीटोरियम संसदीय पुस्तकालय भवन नई दिल्ली में होगा।