शाहजहांपुर। दुर्गा पूजा को लेकर मंगलवार को सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं। इसकी शुरुआत बुधवार को होगी। इसमें पांच दिनों तक देवी मां की आराधना व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
शहर में खिरनीबाग स्थित धर्मशाला, कालीबाड़ी मंदिर व ओसीएफ इस्टेट के लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा पंडाल सजाए गए हैं। इनमें बुधवार को षष्टी पूजा, देवी जी का बोधन, आमंत्रण व अधिवास होगा। अगले दिन बृहस्पतिवार को महासप्तमी पूजन, पुष्पांजलि, प्रसाद वितरण, सांस्कृतिक कार्यक्रम, भंडारा आदि होगा। 11 अक्तूबर को महाअष्टमी पूजा व सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। 12 अक्तूबर को महानवमी पूजन किया जाएगा। 12 अक्तूबर को दशमी पूजन, सिंदूरोत्सव मनाया जाएगा। शोभायात्रा निकालकर खन्नौत नदी पर दुर्गा माता व अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियों का विजर्सन किया जाएगा।
-
शारदीय नवरात्र के छठे दिन कात्यायनी का पूजन
शारदीय नवरात्र का मंगलवार को छठा दिन रहा। इसके हिसाब से देवी मां के कात्यायनी स्वरूप का पूजन किया गया। जबकि तृतीय तिथि दो दिन पड़ने के कारण कुछ लोगों ने स्कंदमाता की आराधना की। घरों व मंदिरों में विधिवत पूजन अर्चन के साथ श्रद्धालुओं ने दुर्गा सप्तशती का पाठ भी किया। शहर के टाउन हाल स्थित नौ देवी मंदिर, बाबा विश्वनाथ मंदिर, हुंडालखेल में शेरों वाला मंदिर, चौक मंडी के दुर्गा माता मंदिर आदि में देवी मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का सुबह से शाम तक तांता लगा रहा। मंदिर पर दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं ने आरती में भी हिस्सा लिया। इसके बाद प्रसाद ग्रहण किया।