फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shahjahanpur News: चालक को आई झपकी, ट्रॉली से टकराई रोडवेज बस

Wed, 27 Dec 2023 12:38 AM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, शाहजहाँपुर
विज्ञापन
पुवायां के गांव करनापुर में हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस। स्रोत पुलिस
विज्ञापन
पुवायां (शाहजहांपुर)। चालक को झपकी आ जाने से शाहजहांपुर डिपो की रोडवेज बस सोमवार रात हाईवे किनारे खड़ी ईंटों से भरी ट्राॅली में जा घुसी। हादसे में करीब 15 यात्री घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया। इधर, चालक मौके पर बस छोड़कर भाग गया।
विज्ञापन

शाहजहांपुर डिपो की रोडवेज बस मथुरा से पलिया जा रही थी। सोमवार रात करीब एक बजे जब बस गांव करनापुर पहुंची तो बस ट्रैक्टर-ट्राॅली से टकरा गई। यात्रियों ने बताया कि चालक को झपकी आने से हादसा हुआ। हादसे के समय अधिकतर यात्री नींद में थे। तेज धमाके के साथ सीट से नीचे गिरे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इस बीच गांव के लोगों ने घायल यात्रियों को बस से निकालकर अपने घरों पर आश्रय दिया। हादसे में मैनपुरी के गांव रघुराजपुर निवासी सीआरपीएफ जवान अवनीश कुमार और महिपाल, फर्रुखाबाद के गांव कहिया निवासी विशाल, इसी जनपद के गांव कमलेपुर निवासी पंकज, जनपद एटा के गांव अलीगंज निवासी उस्मान और उनकी पत्नी फरजाना बेगम, बदायूं के गांव हसनपुर निवासी नरेशपाल, नेपाल के जनपद धनगढ़ी निवासी जहर सिंह की पत्नी रेवती देवी, धनसिंह सहित 15 लोग घायल हो गए। अवनीश को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
बस में कुल 40 यात्री सवार थे। नेपाल के 21 यात्री अन्य वाहन से गौरीफंटा रवाना हो गए। वहीं, नौ यात्री फर्रुखाबाद रवाना हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से जाम लग गया। एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाया। इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार राय ने बताया कि कोहरा होने और चालक को झपकी आने से रोडवेज बस ट्राॅली से टकरा गई थी। एक घायल को रेफर किया गया है। अन्य को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

पुवायां के गांव करनापुर में हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस। स्रोत पुलिस

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें