संरक्षित प्रजाति के जीवों में शामिल अजगर की सुरक्षा के लिए वन विभाग कोई कदम नहीं उठा रहा है। अजगर को देखने के लिए रोज भारी भीड़ जमा हो रही है, लोग उसे पत्थर भी मारते हैं। इससे अजगर की जान को खतरा हो सकता है। खुटार क्षेत्र में गांव बिजौरी बिजौरिया के पास झुकना नदी किनारे एक अजगर कई दिनों से देखा जा रहा है। चार दिन पहले अजगर ने एक बकरी को पकड़ लिया था। हालांकि बकरी के चिल्लाने पर लोगों ने उसे बचा लिया था। इसके बाद नदी किनारे अजगर के होने की चर्चा पूरे क्षेत्र में फैल गई। वनकर्मियों को सूचना दिए जाने पर वन दरोगा एसके गौतम ने अजगर को पकड़वाकर जंगल में छुड़वाए जाने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद कोई ध्यान नहीं दिया गया। एक हफ्ते से अजगर को देखने के लिए नदी किनारे लोगों की भीड़ जुट रही है। भीड़ में शामिल लोग अजगर को चलता हुआ देखने के लिए ढेले भी मारते हैं, इससे अजगर घायल होकर मर सकता है, लेकिन वनकर्मी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं। पीपुल फार एनीमल संस्था के जिला प्रभारी अनुपम शुक्ला ने अजगर को जंगल में छुड़वाने की मांग की है।