राजकीय बाल संरक्षण गृह में निरीक्षण के दौरान बच्चों से बातचीत करते डीएम उमेश प्रताप सिंह
शाहजहांपुर। डीएम उमेश प्रताप सिंह ने वन स्टाप सेंटर एवं राजकीय बाल संरक्षण गृह (बालक) का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। डीएम ने वनस्टाप परिसर में पौधरोपण भी किया।
सखी वनस्टाप सेंटर के परिसर में गंदगी मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए परिसर में एक सप्ताह के भीतर सफाई करवाने और पौधरोपण करवाने के लिए जिला प्रोबेशन अधिकारी गौरव मिश्रा को निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि वन स्टॉप सेंटर का उद्देश्य महिलाओं का सशक्तीकरण करते हुए उनमें सुरक्षा के भाव को उत्पन्न करना है। इस दौरान वन स्टाप सेंटर केंद्र प्रबंधक नमिता यादव भी उपस्थित रहीं।
बाल संरक्षण गृह का लिया जायजा
डीएम ने राजकीय बाल संरक्षण गृह (बालक) का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखीं। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था, भोजन की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य की जांच आदि का निरीक्षण कर जानकारी ली। डीएम ने बाल संरक्षण गृह में पौधरोपण भी किया। इस दौरान उन्होंने बाल संरक्षण गृह में मौजूद बच्चों से वार्ता कर उन्हें मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी जाना।