दिव्यांग के घर में लगी आग, हजारों का नुकसान
थाना सदर बाजार क्षेत्र में पुराने डीएसओ कार्यालय कंपाउंड में शुक्रवार की रात शार्ट सर्किट से दिव्यांग के घर में आग लग गई। इसमें हजारों का नुकसान हो गया। मोहल्ले वालों की मदद से आग बुझाई गई। दिव्यांग गजराम के परिवार की माली हालत खराब है। उनकी पत्नी रामबेटी घर का गुजारा चलाने के लिए दूसरे के घरों में काम करती हैं। शुक्रवार की रात करीब 11.30 बजे शार्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। परिवार के लोग बिस्तर से निकलकर बाहर भागे। देखते ही देखते घर में रखे सामान ने आग पकड़ ली। आग की चपेट में आकर गृहस्थी का सामान, कपड़े, बिस्तर, बर्तन आदि जल गए। आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई। उसके पहुंचने से पहले मोहल्ले वालों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। गृहस्थी का सामान जलने से गजराम के परिवार के सामने खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है। परिवार के पास पहनने के लिए कपड़े और सोने के लिए बिस्तर भी नहीं बचे हैं।