शाहजहांपुर। थाना सदर बाजार क्षेत्र के गांव मऊ बासक निवासी 27 वर्षीय इंद्रकुमार की मंगलवार रात करंट लगने से मौत हो गई। वह जिला पंचायत में संविदा पर कार्यरत थे। इंद्र कुमार की मौत से परिवार में मातम पसरा है।
मंगलवार रात करीब साढ़े दस बजे इंद्रकुमार को घर में केबल से करंट लग गया। उनकी चीख सुनकर परिवार के लोग दौड़कर पहुंचे। उन्हें तुरंत ही निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सदर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इंद्रकुमार पांच भाइयों में सबसे छोटे और अविवाहित थे। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है।