शाहजहांपुर। डिजिटल प्रारूप को लेकर शिक्षकों और शिक्षा विभाग में रार जारी है। शिक्षक बिना संसाधनों के जबरन आदेश थोपने का आरोप लगा रहे हैं। इधर, बीएसए ने नोटिस जारी कर आदेश का पालन न होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है।
जिले के सभी परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक कंपोजिट एवं कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में 12 पंजिकाओं के डिजिटल प्रारूप का प्रयोग सुनिश्चित किए जाने के निर्देश हैं। इसके अनुपालन में जनपद को 75वां स्थान मिला है, जिसको लेकर स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक ने भी नाराजगी जताई है। वहीं बीएसए रणवीर सिंह का कहना है कि शासन के निर्देशों का पालन सभी शिक्षकों को करना होगा।
-
विभाग ने उन्हें संसाधन उपलब्ध नहीं कराए हैं, जिसमें टैबलेट, सिम व डाटा शामिल है। बेसिक शिक्षक एक से पांच मार्च तक हाथ पर काली पट्टी बांधकर शिक्षक कार्य कर रहे हैं। समस्या का समाधान न होने पर 11 मार्च को जनपदीय कार्यालय पर धरना देकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया जाएगा। - मंगरे लाल, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ, शाहजहांपुर।
-
हमारा संगठन शिक्षकों के साथ है और कोई भी बेतुका आदेश व नियम को नहीं माना जाएगा। सोमवार को ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर उपस्थित होकर सभी शिक्षक डिजिटलाइजेशन को थोपे जाने के विरोध में संबंधित बीईओ को ज्ञापन सौंपेंगे। - मुनीश मिश्रा, कार्यवाहक जिलाध्यक्ष, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, शाहजहांपुर।
सात मार्च को पूरे प्रदेश में जिला स्तर पर बीएसए को ज्ञापन दिया जाएगा। उनकी मांग है कि शिक्षकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाया जाए। शिक्षकों पर प्रयोग न किए जाएं, उनका कार्य पढ़ना है वहीं करने दें। - ऋषिकांत पांडेय, जिलाध्यक्ष, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ (पांडेय गुट), शाहजहांपुर