शाहजहांपुर। भावलखेड़ा ब्लॉक के गांव गुंवारी निवासी बारह साल के बच्चे में डिप्थीरिया जैसे लक्षण मिलने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा। उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा।
एक कंपनी में कर्मचारी का बेटा गांव के एक स्कूल में कक्षा चार का छात्र है। चार दिन पहले उसे बुखार आया। उसके गले में दिक्कत होने पर बोलने में परेशानी हो रही थी। परिजन उसे प्राइवेट डॉक्टर के पास ले गए। डिप्थीरिया जैसे लक्षण प्रतीत होने पर डॉक्टर ने उसे सीएमओ के पास भेज दिया। उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। दूसरी तरफ डिप्थीरिया जैसे लक्षण मिलने पर स्वास्थ्य टीम गांव पहुंच गई। टीम ने बच्चों का टीकाकरण किया है। अन्य रोगों से पीड़ित मरीजों का उपचार भी शुरू कर दिया।
पहले भी मिल चुके पांच बच्चे, रिपोर्ट आई थी निगेटिव
एक अगस्त को डिप्थीरिया के तीन मरीज सामने आए थे। उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। इसमें कलान निवासी छह वर्षीय बालक सुखरीत की मौत हो गई थी। उसके बाद दो बच्चे संभावित लक्षण मिलने पर अस्पताल में भर्ती हुए थे। इसमें सिर्फ सुखरीत में डिप्थीरिया की पुष्टि हुई थी।
-गुंवारी गांव के बालक में डिप्थीरिया जैसे लक्षण मिले हैं। उसे वार्ड में भर्ती करा दिया। उसकी जांच लैब को भेजी गई। - डॉ. पीपी श्रीवास्तव, नोडल अधिकारी