शाहजहांपुर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा-2022 जिले में 20 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में होगी। परीक्षा को नकल विहीन व शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में बैठक हुई। इसमें सभी मजिस्ट्रेटों व केंद्र व्यवस्थापकों को कोविड प्रोटोकाल का अनुपालन कराने के निर्देश दिए गए।
डीएम उमेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बैठक के बीच नोडल अधिकारी व एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी ने बताया कि प्रथम पाली सुबह 10 से 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक होगी। हर पाली में 10,032 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे। चारों पालियों में कुल परीक्षार्थियों की संख्या 40,128 है। हर केंद्र पर एक सेक्टर मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की है। जिन केंद्रों पर 500 से अधिक विद्यार्थी हैं उन पर दो स्टेटिक मजिस्ट्रेट रहेंगे। पुलिस बल भी तैनात रहेगा। इस मौके पर सीडीओ एसबी सिंह, एडीएम प्रशासन राम सेवक द्विवेदी, डीआईओएस शौकीन सिंह यादव व सभी केंद्र प्रतिनिधि व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
परीक्षा केंद्रों तक मार्गों का निरीक्षण करने के निर्देश
डीएम ने सेक्टर मजिस्ट्रेट की ओर से परीक्षा के एक दिन पहले केंद्रों का भ्रमण कर आवागमन के मार्गों तथा विशेष परिस्थितियों के लिए वैकल्पिक मार्गों की जानकारी करने के निर्देश दिए। साथ ही सीसीटीवी कैमरों को अपडेट कराने, प्रश्नपत्रों के गोपनीय पैकेट्स 15 व 16 अक्तूबर को परीक्षा शुरू होने के समय से डेढ़ घंटा पूर्व हर दशा में केंद्र पर्यवेक्षक या व्यवस्थापक को प्राप्त कराने को कहा।
नहीं ले जा सकेंगे गैजेट्स, स्थापित किया कंट्रोल रूम
कलक्ट्रेट स्थित कोविड कंट्रोल रूम को ही पीईटी के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। इसका फोन नंबर 05842-220017, 05842-220018, 05842-220019 है। कंट्रोल रूम के प्रभारी एडीएम (न्यायिक) रहेंगे। जिले में धारा-144 सीआरपीसी प्रभावी है। परीक्षा केंद्रों के आसपास 100 मीटर की परिधि में ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग तथा परीक्षा परिसर में मोबाइल एवं आईटी गैजेट्स ले जाना प्रतिबंधित रहेगा।
पुलिस बल रहेगा तैनात
एसपी सिटी संजय कुमार ने बताया कि सभी केंद्रों पर सुरक्षा के लिए पुलिस बल की तैनाती होगी। केंद्र प्रतिनिधि के साथ परीक्षा सामग्री लाने एवं ले जाने के लिए दो पुलिसकर्मी उपलब्ध कराए जाएंगे। पुलिस बल द्वारा ट्रैफिक एवं पार्किंग व्यवस्था को भी सुनिश्चित किया जाएगा।