रोजा जंक्शन स्टेशन पर ट्रैक के किनारे खड़ी जेसीबी। संवाद
शाहजहांपुर। लोको पायलट की सतर्कता से रोजा जंक्शन स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग कार्य में उपयोग की जा रही जेसीबी से राजधानी एक्सप्रेस टकराने से बच गई। स्टेशन अधीक्षक के मुताबिक जेसीबी ट्रैक के किनारे खड़ी थी, ट्रेन उसके पास से निकल गई।
रोजा जंक्शन स्टेशन पर यार्ड रिमॉडलिंग का कार्य चल रहा है। सोमवार शाम 5:00 बजे नई दिल्ली से डिब्रूगढ़ जा रही राजधानी एक्सप्रेस अपनी निर्धारित गति से रोजा स्टेशन से गुजर रही थी। तभी लोको पायलट ने देखा कि रेलवे ट्रैक किनारे जेसीबी खड़ी है। जेसीबी के ट्रेन की चपेट में आने की आशंका थी। यह देख लोको पायलट ने आपातकालीन ब्रेक लगा दिए। स्टेशन अधीक्षक श्रीकांत यादव ने बताया कि जेसीबी ट्रैक के किनारे खड़ी थी। ट्रेन उसके पास से निकल गई। कोई हादसा नहीं हुआ। वहीं मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता का कहना है कि ब्लॉक के दौरान ट्रेनों का संचालन बंद रहता है। ट्रैक के पास जेसीबी से कार्य के दौरान ट्रेन के आने की जानकारी नहीं है। मामले की जांच कराने पर ही स्थिति साफ हो सकेगी।