पुवायां। खुटार-पुवायां मार्ग पर शनिवार रात नौ बजे गांव गंगसरा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक की जेब से आधार कार्ड मिला जिससे उसकी पहचान हुई। इसके बाद उसके परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी गई है। शनिवार रात नौ बजे राहगीरों ने गांव गंगसरा के लोगों को बताया कि नत्थापुर मोड़ के पास एक युवक मृत अवस्था में पड़ा है। उसकी बाइक भी मौके पर है। बिजली उपकेंद्र के पास रहने वाले तमाम लोग मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पाकर दरोगा संदेश यादव मौके पर पहुंचकर देखा तो मृतक की जेब से आधार कार्ड मिला। इससे उसकी पहचान पुवायां के गांव जेवां निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई। कोतवाली प्रभारी सुनील अहलावत ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंच गई है और शव की शिनाख्त हो गई है। परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए हैं। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।