तिलहर। रविवार को अपने क्लीनिक पर बैठे डॉक्टर अरुण यादव पर कुछ लोगों ने फायरिंग करते हुए जानलेवा हमला कर दिया। डॉक्टर बाल-बाल बच गए। डॉक्टर की ओर से दो नामजद सहित तीन के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना कटरा क्षेत्र के गांव खंडसार निवासी डॉ. अरुण यादव जैतीपुर सीएचसी में तैनात हैं। उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर कहा है कि दो दिन पहले उनके प्राइवेट ट्यूबवेल का तार टूट गया था। इसे जुड़वाने के लिए सरकारी लाइनमैन आए थे। उसी समय उनके गांव के विजय यादव और लालू यादव लाठी-तमंचे लेकर आ गए और हमला कर दिया। परिवार के लोगों ने उन्हें बचाया। डॉ. अरुण के मुताबिक रविवार को जब वह ड्यूटी करके अपने गांव खंडसार में घर के क्लीनिक पर बैठे थे। तभी विजय और लालू ने उन पर फायरिंग कर दी। उन्होंने घर में घुसकर जान बचाई। डॉ. अरुण के मुताबिक उन लोगों से उनकी कोई रंजिश भी नहीं है। थाना कटरा पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी विजय यादव लालू यादव और एक अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।