शाहजहांपुर। मेले में नृत्य देखने गए तिलहर थाना क्षेत्र के गांव हिसवा निवासी नरेश के पुत्र अनिल (25) का शव नगरिया चौकी क्षेत्र के ढका उधरनपुर के पास खेत के किनारे मिला। माना जा रहा है कि शराब के नशे में फिसलकर तारों पर गिरने से करंट लगने से उसकी मौत हुई होगी।
खेतीबाड़ी करने वाले अनिल मंगलवार की रात गांव ढका में लगे मेले में नृत्य देखने गया था। उनके साथ कांट के गांव मढ़ैया का बीमा एजेंट युवक भी था। मृतक के चाचा रमेश ने बताया कि रात में उसने शराब पी ली थी। अधिक नशा होने पर साथी ने उसकी पत्नी सरोजनी को कॉल कर सूचना दी थी। बताया था कि अधिक दारू पीने की वजह से अनिल घर नहीं आ रहा, वह उसे छोड़कर अपने गांव जा रहा है।
बुधवार की सुबह नगरिया पुलिस चौकी के अंतर्गत ढका उधरनपुर के पास खेत के किनारे लगे तारों पर अनिल का शव मिला। वहीं पर फिसलने के निशान भी थे। सूचना पर इंस्पेक्टर विशाल प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने मामले की जांच करने के उपरांत शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के गले पर काला निशान मिला है। संभावना है कि शराब के नशे में फिसलकर तारों पर गिरने के बाद करंट लगने से उसकी मौत हो गई। उसकी एक साल की बेटी रीझल है।
-प्रथम दृष्टया तारों पर गिरने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। जांच के उपरांत शव को कब्जे में लिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
अमित चौरसिया, सीओ तिलहर