तिलहर। मंगलवार शाम मौजमपुर पुलिस चौकी के सामने पीरगाह तालाब में युवक का शव मिला। दो घंटे बाद पुलिस शव को बाहर निकाल सकी। युवक की शिनाख्त मेडिकल स्टोर संचालक राजीव गंगवार (35) के रूप में की गई। वह पांच दिन से लापता था।
मंगलवार शाम चौकी के सामने लगभग 50 मीटर की दूरी पर तालाब में किसी ने शव को देखा। तालाब किनारे भीड़ लग गई। चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मी लाश निकलवाने का साहस नहीं जुटा पाए। थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह और चौकी प्रभारी ने कुछ लोगों को तालाब में भेजकर लाश को बाहर निकलवाया। शव की पहचान लोगों ने मोहल्ला निजामगंज के राजीव गंगवार के रूप में की। सूचना पर मृतक के परिवारीजन और पत्नी सरिता पहुंचे। परिजनों ने राजीव की पहचान कर ली। राजीव गंगवार बिरियागंज में साईं मेडिकल स्टोर चलाता था। थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह ने बताया कि 17 सितंबर को थाने में गुमशुदगी दर्ज हुई थी। राजीव की मौत का कारण फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट होगा।