शाहजहांपुर में पोस्टमार्टम हाउस पर बैठे मृतक राकेश के परिजन। संवाद
- पिता बोले, राकेश को ईंट-भट्ठा मालिक और उसके पुत्र शनिवार शाम को घर से बुलाकर ले गए थे
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहजहांपुर। मदनापुर थाना क्षेत्र के गांव नया गांव उर्फ नारायणपुर निवासी बूंदा लाल के पुत्र राकेश (30) की शनिवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव रविवार की सुबह ईंट-भट्ठे पर पड़ा मिला। मृतक के परिजनों ने पिटाई कर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
राकेश कुमार सुंदरपुर स्थित भट्ठे पर ईंट की पथाई का काम करता था। शनिवार को गांव निवासी उसके बहनोई धर्मपाल ने मकान निर्माण के लिए ईंट खरीदी थी। उसी ईंट को ट्रॉली में भरकर गांव लेकर आया था। मृतक के पिता बूंदालाल का आरोप है कि ईंट की पथाई के लिए मिट्टी नहीं बनाने से नाराज होकर भट्ठा मालिक व उसका बेटा शाम को आए और राकेश को जबरन लेकर चले गए थे। सुबह करीब पांच बजे गांव के मजदूर ने राकेश की मौत की जानकारी दी। परिजन रोते-बिलखते हुए मौके पर पहुंच गए।
बूंदालाल के अनुसार, राकेश के कमर व पीठ में ईंट व डंडे मारने जैसे निशान मिले हैं। उन्होंने भट्ठा मालिक पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। राकेश की मौत से पत्नी रानी व दो साल के बेटे निखिल व चार साल की बेटी शीतल का रो-रोकर बुरा हाल है।
ईंट भट्ठे पर मरने वाला युवक बीमार बताया गया है। परिजन पोस्टमार्टम भी कराने से इन्कार कर रहे थे, लेकिन पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले में तहरीर आने पर केस दर्ज कर जांच कराई जाएगी।
- अमित चौरसिया, सीओ सदर