स्वच्छ भारत मिशन के तहत गंगा के किनारे स्थित गांवों सहित जिले की सभी 1077 ग्राम पंचायतों को चालू वर्ष के अंत तक ओडीएफ श्रेणी में लाने के लिए 31 दिसंबर तक रोजाना 1500 शौचालय बनाए जाएंगे। विकास भवन सभागार में बृहस्पतिवार को आयोजित स्वच्छ भारत मिशन विषयक कार्यशाला में डीएम नरेंद्र कुमार सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में इस वर्ष के अंत तक लक्ष्य के अनुरूप 2.30 लाख शौचालय बनाए जाने हैं और इसके सापेक्ष 44 हजार शौचालय बनाए जा चुके हैं। डीएम ने बताया कि अभी तक जिले के सभी 15 विकास खंडों में प्रतिदिन औसतन 80 से 90 शौचालय बनाए जा रहे थे। इस बीच, केंद्र सरकार ने नमामि गंगे प्रोजेक्ट में शामिल गंगा के सभी तटवर्ती गांवों को 31 दिसंबर तक खुले में शौचमुक्त बनाने अर्थात ओडीएफ श्रेणी में लाने का लक्ष्य दिया। इसे ध्यान में रखते हुए स्वच्छ भारत मिशन के तहत गंगा के तटवर्ती गांवों समेत अन्य ग्राम पंचायतों में शौचालयों के निर्माण में तेजी लाई जा रही है। डीएम के अनुसार अभी रोजाना 200 शौचालय बनाए जा रहे हैं, लेकिन लक्ष्य पूर्ति के लिए निर्माण कार्य में और तेजी लाई जा रही है।