युवाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के लिए केंद्र सरकार द्वारा राष्ट्रीय मुद्रा योजना शुरू की गई है। इसके तहत बगैर किसी गारंटी के रोजगार के लिए बैंकों से ऋण लेने का प्रावधान है। मगर इसका लाभ बैंक शाखाओं द्वारा न दिए जाने पर शिव सेना कार्यकर्ता सोमवार को भड़क उठे। उन्होंने सुरेश सिंह राठौर के नेतृत्व में कलक्ट्रेट जाकर प्रदर्शन किया। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट को प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन दिया, जिसमें मुद्रा योजना का लाभ देने में आनाकानी करने वाले बैंक अफसरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन में कहा गया है कि मुद्रा योजना का लाभ दिलाने में लीड बैंक अधिकारी बीएम गुप्ता भी स्वयं को असहाय महसूस कर रहे हैं। क्योंकि उनके निर्देशों की बैंक अधिकारी अवहेलना कर रहे हैं। प्रदर्शन में दिनेश दीक्षित, संजय सिंह, राजीव सिंह, अमित सिंह, कमल किशोर दीक्षित, मुकेश अवस्थी, लोकनाथ, आकाश दीक्षित, आशीष पांडेय, योगेश अवस्थी आदि शामिल रहे।