शाहजहांपुर। चौक कोतवाली इलाके की कांशीराम कॉलोनी में बछड़े को कार से कुचलकर मार देने के मामले में पुलिस ने पांचवें दिन तीन लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली।
आवास एवं विकास परिषद कॉलोनी (बरेली मोड़) निवासी अधिवक्ता विवेक मिश्रा ने बताया कि वे 29 सितंबर को रात करीब 8:30 बजे कांशीराम कॉलोनी में पानी की टंकी के पास टहल रहे थे। इस दौरान एक कार चालक ने बछड़े को टक्कर मार दी जब लोगों ने विरोध किया तो कार सवार कांशीराम कॉलोनी निवासी उनैश, दानिश, आफताब गाली-गलौज करने लगे और दोबारा कार का पहिया बछड़े पर चढ़ा दिया। इससे मौके पर ही बछड़े की मौत हो गई। घटना की तहरीर उसी दिन दी गई लेकिन पुलिस ने न तो एफआईआर दर्ज की और न ही बछड़े का पोस्टमार्टम कराया। राष्ट्रीय गोरक्षक दल के मंडल अध्यक्ष दीपक गुप्ता टीम के साथ पुलिस चौकी अजीजगंज पहुंचे और कड़ी नाराजगी व्यक्त की थी। इसके बाद पुलिस ने आनन-फानन विवेक से तहरीर पर तारीख बदलवाकर केस दर्ज कर लिया।