खुटार (शाहजहांपुर)। लॉकडाउन के दौरान कई दुकानें खुल जाने से मार्केट में भीड़ बढ़ने पर पुलिस ने डंडे फटकार कर लोगों को खदेड़ दिया। पुलिस को देखकर तमाम लोग गलियों से होकर भाग निकले। लॉकडाउन के दौरान लोगों को हो रही परेशानी को प्रशासन ने किराना, सब्जी, दूध, कृषि यंत्र, कीटनाशक की दुकानों को खोलने के लिए सुबह आठ से दस बजे तक का समय दिया है। जरूरी वस्तुओं की दुकानें खुलने लगीं तो रेडीमेड कपड़े, सौंदर्य प्रसाधन सहित अन्य दुकानदारों ने भी दुकानों को खोलना शुरू कर दिया, जिससे मार्केट में भीड़ होने लगी।
बुधवार सुबह नौ बजे थानाध्यक्ष जयशंकर सिंह ने फोर्स के साथ मार्केट में गैर जरूरी वस्तुओं की दुकानों को बंद कराने के साथ ही भीड़ को डंडे फटकार कर खदेड़ दिया। इस दौरान कई दुकानदारों को दुकान खोलने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। पुलिस को देख तमाम लोग गलियों से होकर भाग निकले। थानाध्यक्ष ने कहा कि बेवजह बाहर निकलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।