शाहजहांपुर। खुदागंज इलाके के अकबरी गांव में बृहस्पतिवार रात एक मगरमच्छ जा पहुंचा, जो वहां के सनाउल्लाह के मकान के आगे नाली में घुसते हुए लोगों ने देख लिया। लोगों के शोर मचाने पर मगरमच्छ सनाउल्लाह के दरवाजे के सामने बनी नाली पर पड़ी स्लिप के नीचे घुस गया। लोगों फौरन इसकी सूचना पुलिस को दी। रात में ही पुलिस मौके पर जा पहुंची। पुलिस ने ईंटें लगवाकर नाली को बंद करा दिया। साथ ही इसकी सूचना वन विभाग को दे दी। मगरमच्छ के हमले के डर से लोगों ने अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए और रात भर जागते रहे। शुक्रवार सुबह वन विभाग की टीम अकबरी गांव पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़ लिया। वन कर्मी मगरमच्छ को अपने साथ ले गए और नदी में छोड़ दिया।