थाना सदर बाजार क्षेत्र के गांव शाहबाजनगर में बुधवार की रात 35 वर्षीय राकेश कुमार ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या करने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव शहबाजनगर में रहने वाले राकेश खेतीबाड़ी करके परिवार का गुजारा करते थे। बीती रात करीब साढ़े सात बजे घर से निकले थे। शहबाजनगर छोटी लाइन रेलवे स्टेशन के आउटर के पास पीलीभीत की तरफ आने वाली पैसेंजर ट्रेन से करीब नौ बजे राकेश ने कटकर आत्महत्या कर ली। स्टेशन पर ट्रेन से उतरे ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पहुंचकर राकेश के शव की शिनाख्त की और परिवार वालों को सूचना दी। खबर लगते ही परिवार वाले और ग्रामीणों की घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना शहबाजनगर पुलिस चौकी में दी गई। पुलिस कर्मियों ने मामला जीआरपी का बताकर अपना पल्ला झाड़ लिया। इसके बाद जीआरपी को सूचना दी गई। जीआरपी ने घटनास्थल थाना सदर बाजार में होने की बात कही। जीआरपी और शहबाजनगर चौकी पुलिस की खींचातानी में काफी देर शव घटनास्थल पर पड़ा रहा। बाद में शहबाजनगर पुलिस चौकी के सिपाहियों ने शव को कब्जे में लिया। बृहस्पतिवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार वालों को सौंप दिया।
पिता की मौत से परेशान थे राकेश
करीब एक साल पहले राकेश के पिता पूरनलाल की बीमारी से मौत हो गई थी। इससे पहले राकेश के चाचा सोरनलाल की हत्या कर दी गई थी। चाचा की मौत के बाद पिता की मौत से राकेश परेशान रहने लगे थे। राकेश की मौत से पत्नी लक्ष्मी बेसुध हो गई। राकेश के चार वर्षीय बेटा अमन और दो वर्षीय बेटी अन्नू है।