गांव जमुनिया नवदिया के रामविलास उच्चतर माध्यमिक स्कूल के प्रधानाचार्य काशीराम और एबीआरसी हरीश गंगवार ने पुलिस को अलग अलग दी गई तहरीर में बताया कि मंगलवार दो बजे आधा दर्जन युवक उनके स्कूल पहुंचे। एक युवक के पास रिवाल्वर था। स्कूल गेट पर चपरासी ने युवकों को रोक कर स्कूल आने का कारण पूछा तो युवक ने चपरासी पर रिवाल्वर तान दिया और धमकी देते हुए स्कूल में घुस गए। प्रधानाचार्य का आरोप है कि उक्त युवकों की गलत मंशा महसूस होने पर उन्होंने शिक्षकों की मदद से सभी युवकों को कालेज परिसर से बाहर निकालकर गेट बंद करा दिया, तो युवक खुद को पत्रकार बताते हुए उन्हें जाति सूचक गाली देने लगे और धमकी देते हुए चले गए। उधर एबीआरसी हरीश कुमार गंगवार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि मंगलवार को हुई घटना की जानकारी जब उन्हें हुई तो उन्होंने एक आरोपी युवक के मोबाइल पर कॉल कर बीआरसी कार्यालय आने को कहा तो उन्हें कई नंबरों से कॉल कर पूरे दिन धमकाया जाता रहा। मामले की जानकारी पाकर शिक्षकों में रोष फैल गया और तमाम शिक्षकों ने बुधवार को थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान शिवकिशोर मिश्रा, हरीशंकर, रामअवध राम, आदेश अवस्थी, ओमकार, हरिवंश, बालेश्वर वर्मा, कन्हैयालाल, सिकंदर, पंकज यादव, मुन्ना लाल, कामेश्वर सिंह सहित तमाम शिक्षक मौजूद रहे।
मैं विभागीय कार्य से शाहजहांपुर आया हूं। तहरीर के बारे में जानकारी नहीं है। यदि इस तरह का कोई मामला है तो जांच कराई जाएगी। जांच में कोई दोषी पाया गया तो कार्रवाई की जाएगी।
विनोद कुमार मिश्रा, थानध्यक्ष बंडा