पत्नी की कनपटी पर गोली मारी, मौत
दहेज में एक लाख रुपये न दिए जाने पर पति ने बुधवार रात पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने पति समेत तीन लोगाें के विरुद्ध दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने आरोपी पति को तमंचा समेत गिरफ्तार कर लिया है। थाना कांट अंतर्गत गांव गंधार निवासी सरजू ने अपनी 22 वर्षीय पुत्री पूजा का विवाह आज से एक वर्ष पूर्व थाना निगोही क्षेत्र के गांव चौड़ेहरा-चौड़ेहरी निवासी हरिपाल के पुत्र कृष्णपाल उर्फ बब्लू के साथ किया था। शादी में उसने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज भी दिया था, लेकिन सरजू के दिए दहेज से पूजा के ससुराल वाले संतुष्ट नही थे। ससुराल वाले दहेज में एक लाख रुपये की मंाग कर रहे थे। दहेज न दिए जाने से पूजा के पति कृष्ण पाल, सास हीरावती, ससुर हरिपाल उसे परेशान करने लगे। पूजा के मायके वालों ने दहेज में एक लाख रुपये देने में असमर्थता जताई, लेकिन पूजा के ससुरालियों ने उसकी एक न सुनी। इसी को लेकर बुधवार रात 10 बजे पूजा की सास हीरावती, ससुर हरिपाल ने अपने पुत्र कृष्णपाल से कहा पूजा के मां बाप दहेज नहीं देंगें, इसका आज खात्मा कर दो। कृष्णपाल कमरे में गया और तमंचा लेकर पूजा की हत्या कर दी। पुलिस ने पति कृष्णपाल, सास हीरावती, और ससुर हरिपाल के विरूद्ध रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
आरोपी पति कृष्णपाल ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया है। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया है। -- रजी अहमद, थानाध्यक्ष निगोही