नाबालिग लड़की से अश्लील हरकत की वीडियो वायरल
नगर के एक मोहल्ला निवासी नाबालिग लड़की को लालच देकर एक उम्रदराज व्यक्ति ने अश्लील हरकतें कीं। उसकी कुछ लोगाें ने वीडियो बना ली और वायरल कर दी। इस पर लड़की के परिजनाें ने दर्जनाें महिलाआें के साथ नगर में जुलूस निकालते हुये तत्काल आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की मांग की। कोतवाली पहुंचने पर महिलाआें की पुलिस कर्मियाें से तीखी झड़प हुई और उन्हाेंने पुलिस पर आरोपियाें से मिले होने का आरोप लगाते हुये आरोपियाें के खिलाफ कोई कार्रवाई न करने की तोहमत लगाई। एसएसआई शाहिद अली ने तहरीर लिखकर देने को कहा इस पर महिलाएं पुलिस पर आरोप लगाने लगीं। काफी समझाने के बाद लड़की के पिता ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी दुकान पर सामान लेने गई थी। इस दौरान दुकानदार ने पैसे का लालच देकर उसके साथ छेड़छाड़ की। घटना की वीडियो बनाकर किसी ने वायरल कर दी। जब शिकायत करने पीड़ित का पिता संबंधित के घर गया तो उसके पुत्राें सहित एक दर्जन लोगाें ने कानूनी कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी। कोतवाल दयाचंद्र शर्मा ने आरोपियाें के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कराकर न्यायोचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस पर महिलाआें ने संतोष व्यक्त किया। उधर, बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ एसएसआई शाहिद अली ने आरोपियाें के घराें पर दबिश दी, आरोपी पहले ही अपने घराें से फरार हो चुके थे। कोतवाली के इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी और उसके बेटों के खिलाफ पाक्सो एक्ट और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है, तहरीर देने वाले पक्ष से वीडियो मांगा गया है।