नाबालिग लड़की को बुरी नीयत से पकड़कर रेप की कोशिश करने और उसके माता-पिता को पीटने वाले चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। यह घटना 20 दिन पहले हुई थी। 22 अप्रैल को एक गांव में करीब 12 वर्षीय लड़की बहगुल नदी किनारे पशु चराने गई थी। वहां मौजूद गांव खलसा के राजवीर ने लड़की को बुरी नीयत से दबोच लिया और उसे खींचकर वहीं पड़ी मडै़या में ले जाने लगा। यह देख साथ में मौजूद लड़की की छोटी बहन ने शोर मचा दिया, जिससे आरोपी छोड़कर भाग गया। किशोरी के बताने पर घरवालों ने इसकी शिकायत आरोपी के घर जाकर की। उन्होंने अपने बेटे से कुछ नहीं कहा तो पीड़ित पक्ष ने थाने जाकर इंसाफ की गुहार लगाई। इस पर पुलिस ने तो कोई कार्रवाई नहीं की, लेकिन इससे गुस्साए आरोपी ने अपने साथी राजेंद्र, रामवीर और कुंवर बहादुर के साथ किशोरी के घर हमलाकर मारपीट की। इसमें लड़की के माता-पिता को खासी चोटें आईं। इस पर पीड़ित ने दुबारा जाकर थाने में शिकायत की, जिस पर पुलिस ने आरोपी राजवीर के खिलाफ रेप की कोशिश और उसके तीन साथियों पर मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।