कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला रोशनगंज में रहने वाले मिठाई व्यवसायी 45 वर्षीय अनिल यादव उर्फ बबलू शुक्रवार सुबह अचानक कटा पेड़ गिरने से उसकी चपेट में आए गए। अनिल की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए परिवार वालों ने पाकड़ चौकी का घेराव किया। घटनास्थल पर पहुंचे शहर विधायक सुरेश खन्ना ने लोगों समझाकर मामला शांत कराया। मामले में पुलिस ने पेड़ काटने वालों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मोहल्ला रोशनगंज में रहने वाले रामचंद्र यादव के बड़े बेटे अनिल की विसरात घाट हनुमतधाम के पास मिठाई की दुकान है। सुबह करीब साढ़े सात बजे अनिल स्कूटर से किला मोहल्ले की एक डेयरी से दूध लेकर आ रहे थे। उस वक्त मोहल्ला मघईटोला में महेश सिंधी के प्लाट में लगा पाकड़ का पेड़ काटा जा रहा था। अनिल वहां से गुजरे, तभी पेड़ का भारी-भरकम तना उनके ऊपर गिर गया। अनिल मय स्कूटर उसके नीचे दब गए। यह देख वहां अफरातफरी मच गई। सूचना पर मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पेड़ काटने वाले लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पेड़ के तने को हटवाकर अनिल का शव निकलवाया। घटना की खबर लगते ही अनिल के परिवार वाले मोहल्ले के लोगों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना से गुस्साए लोगों ने पाकड़ पुलिस चौकी का घेराव कर पेड़ काटने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। इसी बीच नगर विधायक सुरेश खन्ना वहां पहुंच गए। उनके आश्वासन पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ। मृतक के पिता रामचंद्र यादव की तहरीर पर पुलिस ने महेश सिंधी, कामधेनु सिंधी, राजा, मुईन और सलीम के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अनिल की मौत से घर में मचा कोहराम
अनिल की मौत की खबर लगते ही उनके घर में कोहराम मच गया। अनिल की पत्नी सुनीता बेसुध हो गईं। अनिल ने अपनी एक बेटी सीमा की शादी कर दी है। बाकी 15 वर्षीय कोमल, 12 वर्षीय आंचल, नौ वर्षीय नैना और छह वर्षीय बेटा अनमोल हैं। अनिल की मौत से उनकी कच्ची गृहस्थी टूट गई है। बेटे अनिल की मौत से पिता रामचंद्र और मां मालती पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। कोमल अपने पिता की बहुत लाडली थी। पिता की मौत से कोमल बदहवास हो गई है।
बहुत मेहनती थे अनिल
मोहल्ले वालों के मुताबिक अनिल बहुत मेहनती थे। रोजना सुबह चार बजे उठ जाते थे और दुकान निकल जाते थे। इसके बाद वह रात 12 बजे घर लौटते थे। अनिल के अच्छे व्यवहार से उनकी मिठाई की दुकान भी अच्छी चलती थी।
पेड़ काटने वालों की लापरवाही से हुआ हादसा
मोहल्ला चौक में रहने वाले महेश सिंधी ने मोहल्ला मघईटोला निवासी मुईन और सलीम से एक प्लाट खरीदा था। शुक्रवार को प्लाट में लगे पाकड़ के पेड़ को कटवाया जा रहा था। पेड़ सलीम और मुईन कटवा रहे थे। जब पेड़ का तना काटा जा रहा था तो उस समय उधर से आवागमन बंद कराना चाहिए था। रोड पर कोई व्यक्ति नहीं खड़ा था जो यह बताया कि वहां पेड़ काटा जा रहा है। लिहाजा अनिल बेखटका स्कूटर लेकर गुजरे और पेड़ गिरने से उसकी चपेट में आ गए।
बगैर परमिट काटा जा रहा था पेड़
प्लाट के मालिक वन विभाग की परमीशन के बगैर पेड़ काट रहे थे। उन्होंने वन विगाग से कोई परिमट नहीं लिया था। वन क्षेत्राधिकारी बनारसी दास ने बताया कि पेड़ बगैर परमिट काटा जा रहा था। इस मामले में जांच कर आरोपियों के खिलाफ वन्य अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।