जलालाबाद। सोमवार को बाइक सवार बदमाशों ने मंडी समिति के पास दिनदहाड़े गल्ला व्यापारियों को गन प्वाइंट पर लेकर आठ लाख की नकदी लूट ली। घटना से गुुस्साए व्यापारियों की भीड़ कोतवाली जा पहुंची। इसके बाद पुलिस ने मौके पर जाकर जांच पड़ताल की। सूचना पाकर एसपी देहात रमेश कुमार भारतीय भी डॉग स्क्वायड लेकर मौके पर पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी जुटाई। कस्बे के मोहल्ला नौसारा निवासी भूरे गुप्ता और इसी मोहल्ले के राधाकृष्ण गुप्ता की पार्टनरशिप में मंडी समिति में जय दुर्गे ट्रेडर्स के नाम से गल्ला की आढ़त है। सोमवार को साप्ताहिक बाजार होने के कारण ज्यादा खरीद-फरोख्त हुई। लिहाजा आढ़त पर रुपये खत्म हो गए। इस पर दोनों पार्टनर स्टेट बैंक से आठ लाख रुपये निकालकर शाम करीब चार बजे मंडी लौट रहे थे। रकम एक थैले में रखी थी और थैला बाइक के हैंडिल पर टंगा था। दोनों व्यापारी जब बाइक से मंडी गेट के सामने खंडहर रोड पर थे तभी दो बाइक पर सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया और थैला छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर व्यापारी और एक बदमाश के बीच हाथापाई शुरू हो गई। इसी दौरान दो बदमाशों ने तमंचे निकालकर व्यापारियों की कनपटी से सटाकर गोली मार देने की धमकी दी। इससे व्यापारी बेबस हो गए तभी बदमाश थैला छीनकर तमंचे लहराते हुए खंडहर रोड पर भाग निकले। घटना की खबर लगते ही मौके पर व्यापारियों की भीड़ जमा हो गई। घटना से गुस्साए व्यापारी कोतवाली जा धमके और घटना को लेकर पुलिस से तीखा विरोध जताया। व्यस्ततम खंडहर रोड पर दिनदहाड़े वारदात से लोगों में दहशत है। बता दें कि करीब एक सप्ताह के अंदर लूट की यह चौथी घटना है। पुलिस पहले हुई किसी भी घटना का खुलासा नहीं कर सकी है।