हाईवे के बहुप्रतीक्षित चौड़ीकरण करके फोरलेेन बनाने का काम तिलहर में शुरू करने के लिए प्रशासन ने सोमवार को पुलिस फोर्स व इन्फ्रा एरा की टीम के साथ अधिग्रहीत किए गए भवनों व दुकानों को तोड़कर भूमि समतलीकरण का काम शुरू कर दिया। सबसे पहले बाईपास पुलिस चौकी को तोड़ने का फैसला किया गया। जैसे ही पुलिस चौकी का भवन गिरा हाईवे स्थित भवन स्वामियों में हड़कंप मच गया। हालांकि कुछ लोगों द्वारा प्रशासन पर कुछ मोहलत देने का भी दबाव बनाया गया, लेकिन प्रशासन के कड़े रुख के चलते एक के बाद एक दर्जनों दुकानें व हाईवे किनारे स्थित बिल्डिंगेें देखते ही देखते जमींदोज होने लगीं। इस दौरान हजारों तमाशाईयों की भीड़ लगी रही। दर्जनों लोग इसकी क्लिपिंग बनाते दिखे। कई बार पुलिस को बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ना पड़ा तथा कई बार अवरूद्ध यातायात सुचारू कराना पड़ा। इस दौरान एसडीएम पदम सिंह व सीओ संजय कुमार से कई स्थानों पर भवन स्वामियों से झड़पें भी हुईं। खबर भेजे जाने तक इन्फ्रा एरा की लगभग आधा दर्जन मशीनें हाईवे किनारे बनी दुकानों व अन्य भवनों को तोड़ने में लगी थीं। इस दौरान कोतवाल रूम सिंह यादव, इन्फ्रा एरा के हेड मनोज पांडेय, जीएम अमित भाटिया, प्रबंधक बृजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।