शुक्रवार रात नौ बजे पुवायां में मोहम्मदी मोड़ के पास एक ट्रक और पिकअप वाहन में टक्कर हो गई। हादसे के बाद ट्रक पिकअप के ऊपर पलट गया। हादसे में पिकअप में पीछे बैठे तीन लोग गंभीर घायल हो गए।
शुक्रवार रात एक ट्रक गेहूं भरकर शाहजहांपुर जा रहा था। मोहम्मदी मोड़ पर शाहजहांपुर की ओर से आ रही एक पिकअप से टकराने के बाद ट्रक उसके ऊपर पलट गया। तेज धमाके की आवाज सुनकर तमाम लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और पिकअप में पीछे बैठे पुवायां के मोहल्ला रामलीला निवासी संतोष कुमार, इसी मोहल्ले के रविंद्र और उसके भाई सुरेंद्र को बाहर निकाला। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची। घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद ट्रक और पिकअप के चालक, हेल्पर मौके से भाग निकले। ट्रक और पिकअप की हालत देखकर लोगों को बड़ी दुर्घटना की आशंका थी, लेकिन दोनों वाहनों में ज्यादा लोग नहीं होने से बड़ा हादसा टल गया।