बृहस्पतिवार रात सब्जी की दुकान में चोरी करने घुसे युवक को दुकानदार ने साथियों की मदद से पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने चोर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
नगर के मोहल्ला शास्त्रीनगर निवासी प्रमेश कुमार ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि राजीव चौक के पास निगोही रोड पर उसकी सब्जी की दुकान है। वह दुकान की रखवाली के लिए दुकान में ही सोता है। बृहस्पतिवार रात भी वह दुकान में सो रहा था। रात में तीन बजे आहट होने पर उसने देखा कि एक युवक रुपये रखने वाली संदूकची और सब्जी निकालकर भाग रहा है। उसने पास की दुकान के साथी दीपू, आसिफ, शालू की मदद से चोर को पकड़ लिया। दुकानदारों ने चोर की जमकर पिटाई कर दी और उसे थाने ले जाकर पुलिस को सौंप दिया।
तलाशी में चोर के पास से साढ़े तीन सौ रुपये की नगदी भी बरामद हुई। चोर ने अपना नाम संजीव कुमार और पता पुवायां के मोहल्ला कसभरा तकिया बताया। पुलिस ने संजीव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर शुक्रवार को उसे जेल भेज दिया।