रोडवेज के पास दो ठगों ने मायके जा रही महिला को अपने जाल में फांसकर सोने के कुंडल तथा दो हजार रुपये ठग लिए और फरार हो गये। परेशान महिला ने कोतवाली जाकर घटना की जानकारी दी है। थाना मदनापुर के गांव जिराउ निवासी रामलड़ैते की पत्नी गीता देवी मंगलवार को अपने मायके हरदोई के गांव जलपापुर जा रही थी। वह दोपहर करीब एक बजे जलालाबाद रोडवेज पर बस से उतरने के बाद हरदोई जाने वाले के लिए वाहन के इंतजार में खड़ी थी। इसी दौरान उसके पास गेरूआ वस्त्रों दो लोग उसके पास पहुंचे और बातचीत के दौरान गीता पर तमाम परेशानियां बताने लगे। उनके इरादे गीता समझ नहीं पाई और हामी भर दी। इस पर ठगों ने परेशानियों का निराकरण करा देने को कहा। उनके झांसे में आई गीता ने अपने सोने के कुंडल तथा पर्स में रखे दो हजार रुपये निकालकर ठगों को दे दिए। कुंडल और रुपये लेने के बाद एक ठग उपाय करके कुछ देर में लौटने की कहकर वहां से चला गया। इसके कुछ देर बाद दूसरा ठग भी मौका लगते ही वहां से गायब हो गया। काफी देर इंतजार करने पर गेरूआ वस्त्रधारी नहीं लौटे तो गीता को ठगे जाने का अहसास हुआ। वह रोती हुई कोतवाली पहुंची, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।