छेड़छाड़ करने का विरोध करने पर शोहदे ने अपने साथियों की मदद से लड़की के पूरे परिवार की बेरहमी से पिटाई की। पीड़ित पक्ष ने रोजा थाने में शिकायत की तो पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। एसपी डॉ. मनोज कुमार के निर्देश पर बृहस्पतिवार को घटना की रिपोर्ट दर्ज की गई। थाना क्षेत्र के एक ग्रामीण ने बताया कि उसकी बेटी को गांव का गुलफाम आए दिन परेशान करता है। बृहस्पतिवार सुबह उसकी बेटी से गुलफाम ने फिर छेड़छाड़ की। इसका विरोध करने पर बौखलाए गुलफाम ने अपने साथियों की मदद से लड़की के घर हमला कर दिया और लाठी डंडे से पूरे परिवार को पीटा। हमलावरों के चले जाने के बाद पीड़ित लोग रिपोर्ट लिखाने को रोजा थाने गए। आरेप है कि प्रभारी निरीक्षक ने कार्रवाई करने के बजाय टरका दिया। परेशान होकर पीड़ित पक्ष एसपी से मिला और इंसाफ की गुहार लगाई। इस पर एसपी ने रिपोर्ट करने, घायलों का उपचार कराने और आरोपियों की गिरफ्तारी करने के लिए प्रभारी निरीक्षक को निर्देश दिए हैं। कहीं तब जाकर आरोपी गुलफाम और उनके साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।