सदर बाजार थाना क्षेत्र के मोहल्ला निसरजई जलालनगर में बीती देर रात संदिग्ध हाल में जहर निगलने वाली विवाहिता की मौत हो गई। निगोही स्थित मायके से आए उसके पिता ने बेटी की मौत की सूचना पुलिस को दी और मांगी जा रही दहेज न दिए जाने पर बेटी की हत्या कर दिए जाने का आरोप लगाया। सूचना पाकर सदर बाजार थाना के प्रभारी इंस्पेक्टर गजेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम कराने के बाद शनिवार शाम शव को मायके वालों को सुपुर्द कर दिया गया जबकि ससुराल पक्ष के सभी नामजद आरोपी फरार हैं। दहेज हत्या का केस दर्ज मामले की पड़ताल शुरू कर दी गई है। निगोही के निवाड़ीपुर निवासी रोली (25) की तीन साल पहले मोहल्ला निसरजई जलालनगर निवासी मनोज से शादी हुई थी। ससुराल आने के बाद से उस पर कम दहेज लाने का ताना देकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। रोली की शिकायत पर मायके वालों ने उसके पति और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों को कई बार समझाया कि सामर्थ्य के मुताबिक पहले ही दान दहेज दिया जा रहा है और अब अतिरिक्त रकम दे पाने की स्थिति में नहीं है। कई माह पहले ससुरालवालों ने रोली को घर से निकाल दिया था। बाद में करीब सात माह पूर्व निवाड़ीपुर में पंचायत बुलाकर दोनों पक्षों में राजीनामा कराने के बाद रोली फिर मनोज संग ससुराल आई थी। मृतका के पिता रामकिशोर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बीती रात रोली के ससुरालवालों ने मोबाइल पर सूचना दी कि उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भरती कराया गया है। सूचना पाकर वह आधी रात के बाद शहर में दामाद के घर पहुंचे तो पता चला रोली मर चुकी है। उसके बाद उन्होंने पुलिस को मामले की जानकारी दी। सीओ सिटी अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि मृतका के पति मनोज, सास रामदई और ससुर सूबेदार के खिलाफ दहेज हत्या का केस पंजीकृत कर लिया गया है। मनोज प्राइवेट कंपनी में काम करता है और उसकी तलाश जारी है।