पीलीभीत बारात से लौट रही पिकअप हाइवे पर कचियानी खेड़े के समीप गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। परिणाम स्वरूप चालक सहित एक दर्जन बाराती घायल हो गए। घायलों को सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रविवार को तिलहर थाना क्षेत्र के गांव कपसेड़ा निवासी शिवदयाल मौर्य के पुत्र प्रेमपाल मौर्य की बारात पीलीभीत के गांव किसनी रमपुरा से वापस गांव कपसेड़ा लौट रही थी। बारात में शामिल होने गए बारातियों से भरी एक पिकअप लौटते समय रविवार शाम लगभग साढ़े छह बजे हाइवे पर कचियानी खेड़े के समीप सामने से आ रही गन्ने से लदी ट्रैक्टर ट्राली से टकरा गई। परिणाम स्वरूप पिकअप मे बैठे बाराती 30 वर्षीय नन्हें लाल पुत्र सीताराम निवासी गांव कटिया बुजुर्ग थाना सिंधौली, 35 वर्षीय भईया लाल पुत्र मंगलीराम निवासी कपसेड़ा, यहीं के 40 वर्षीय शिव कुमार मौर्य पुत्र नत्थू लाल, 55 वर्षीय सियाराम पुत्र जुफई, 30 वर्षीय पिंटू पुत्र शिवदयाल, 55 वर्षीय शिवदयाल पुत्र मंगलीराम व 35 वर्षीय महेंद्र पुत्र तौलेराम कपसेड़ा, 60 वर्षीय मैकूलाल पुत्र नरायण लाल निवासी गांव भदेगकंजा गुरगंवा थाना निगोही, 25 वर्षीय हरवंश पुत्र मंगली प्रसाद भदेगकंजा गुरगंवा, 42 वर्षीय भूपराम पुत्र कोमल प्रसाद निवासी गांव ईसापुर निगोही व पिकअप चालक गांव कपसेड़ा निवासी 40 वर्षीय शिव नारायण पुत्र झम्मन लाल गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद हाइवे पर ट्रैफिक जाम हो गया। सूचना पर पहुंचे कोतवाल दयाचंद्र शर्मा, उपनिरीक्षक सहित पुलिस बल ने एम्बुलेंस से सभी घायलों को तिलहर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। यहां पर मौजूद डा. आसिफ अंसारी व स्टाफ ने सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
अस्पताल में मची अफरातफरी
एंबुलेंस से जैसे ही घायलों को अस्पताल लाया गया, यहां अफरा-तफरी मच गई। रविवार को अवकाश होने के कारण केवल आपातकाल ड्यूटी पर डा. आसिफ अंसारी व कुछ स्टाफ मौजूद था। इतने घायलों को देखते ही स्टाफ के हाथ पैर फूल गए।
कोतवाल का पारा सातवें आसमान पर
कोतवाल दयाचंद्र शर्मा ने जब घायलों के प्राथमिक उपचार में स्टाफ की हीलाहवाली देखी तो उनका पारा सातवें आसमान पर चढ़ गया। इस बीच कोतवाल व ड्यूटी पर मौजूद डा. आसिफ अंसारी के बीच काफी देर नोंक झोंक होती रही। इस दौरान लोगों का हजूम लग गया।