बृहस्पतिवार सुबह करीब पांच बजे निगोही थाना क्षेत्र के एक गांव में मां संग खेतों में शौच को गई किशोरी का तीन लोगों ने मिलकर अगवा कर लिया। दो लोग मां को दबोचे रहे और सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव मियापुर निवासी बिजेंदर किशोरी का अपहरण कर ले गया।मां की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज अपहृत किशोरी की तलाश में जुट गई है। शुरूआती जांच के आधार पर पुलिस इस प्रकरण को प्रेम संबंधों वाला मान रही है और पहले भी किशोरी के भगने की सूचना मिली है। गांव के पूर्व की ओर बृहस्पतिवार को किशोरी अपनी मां संग रोजाना की भांति शौच को गई थी। वहीं रास्ते में सिंधौली थाना क्षेत्र के गांव मियापुर निवासी बिजेन्दर किशोरी के ही गांव को दो लोगों के साथ आ धमका। गांव के दोनों लोगों ने किशोरी की मां को दबोच लिया और बिजेंदर किशोरी को वाहन में डालकर ले गया। उसके काफी दूर निकल जाने पर गांव के दोनों लोगों ने किशोरी की मां को छोड़ दिया और भाग निकले। रोती -बिलखती किशोरी की मां अपने बेटे को साथ लेकर निगोही थाने पहुंची और आप बीती बतायी। उसकी तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के विरूद्ध अपहरण का केस दर्ज किया है। थानाध्यक्ष अवनीश यादव ने बताया कि किशोरी की तलाश की जा रही है और प्रकरण प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है। आरंभिक जांच में अहम जानकारी मिली है कि यह किशोरी पहले भी भाग चुकी है। ताजा प्रकरण में आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही सफलता मिलने की उम्मीद है।