हवालात में बंद दूसरे बाकीदार ने रात ही चौकीदार को दी सूचना
रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस ने शुरू की भगोड़े की तलाश
चौकीदार और पुलिस कर्मियों को चकमा देकर मंगलवार रात तहसील हवालात का ताला तोड़कर एक बकायेदार फरार हो गया। देर रात इसकी भनक लगते ही हड़कंप मच गया। खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नही लगा। बुधवार को तहसीलदार के निर्देश पर चौकीदार ने थाने पर बकायेदार खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।
मूल रूप से गांव नवीगंज निवासी सुखदीप सिंह मौजूदा समय कस्बे के मोहल्ला कानून गोयान में रहते हैं। सुखदीप के पुत्र आशीष कुमार पर पीएनबी बैंक का 2,90740 रुपया कामर्शियल लोन का बकाया था। लंबे समय से किश्त अदा न करने पर उसकी आरसी काट दी गई। 25 अप्रैल की सुबह तहसील के संग्रह अमीन घनश्याम पाल उन्हें पकड़ लाए और तहसील हवालात में बंद कर दिया। हवालात में गांच खखूंड़ी का एक अन्य बकायेदार रमनपाल भी बंद था। बताते हैं कि रात करीब 1:30 बजे रमनपाल की आंख खुली तो हवालात का दरवाजा खुला देख उसने बाहर सो रहे चौकीदार रामकिशन को आवाज लगाई और आशीष के भाग जाने की जानकारी दी। यह सुनते ही चौकीदार के होश उड़ गए। उसने रात में ही इसकी जानकारी तहसीलदार को दी। बताते हैं कि आसपास आशीष की खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। बुधवार को तहसीलदार सुशील गुप्ता के निर्देश पर चौकीदार रामकिशन की ओर से आशीष के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। इस संबंध में तहसीलदार ने बताया कि बकायेदार आशीष ताला खोलकर भाग जाने की रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। इसकी पूरी रिपोर्ट डीएम को भेजी गई है। उन्हीं के आदेश पर इस मामले में अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।