चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला वालातिराही निवासी महिला ने घरेलू कलह से तंग आकर फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। मोहल्ला वालातिराही निवासी राजू गुप्ता हाथ ठेला पर गुड़ बेचता है, जबकि उसका बेटा प्रियंकु गुप्ता चाट का ठेला लगाता है। सोमवार सुबह लगभग 11 बजे राजू एक मुकदमे की तारीख लेने कोर्ट चला गया और बेटा चाट का ठेला लेकर चला गया। घर में 40 वर्षीय पत्नी नीलम गुप्ता और बेटी प्रियंका रह गई। दो बेटियों रूचि, शीतल की शादी हो चुकी है। दोपहर बाद लगभग तीन बजे बेटी प्रियंका नीचे कपड़े धो रही थी, जबकि नीलम ऊपर कमरे में थी। उसने कमरे का दरवाजा बंद किया और दुपट्टे से गले में फांसी का फंदा बनाया, फिर पंखे से लटक गई। शाम लगभग पांच बजे जब प्रियंका ऊपर गई तो देखा कि मां का कमरा अंदर से बंद है,उसने मां को आवाज लगाई, लेकिन अंदर से जवाब नहीं मिला। इस पर उसने दरवाजे की दराज से झांक देखा, तो उसके होश उड़ गए। कमरे के अंदर मां का शव फांसी के फंदे से झूल रहा था। रोती-बिलखती प्रियंका ने मोहल्ले वालों को मामले की जानकारी दी। कुछ देर बाद राजू भी तारीख से वापस आ गया। फिर 100 डायल पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद कोतवाली पुलिस शाम पांच बजे पहुंची और दरवाजे की कुंडी तुड़वाकर शव को फांसी के फंदे से उतरवाकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। इंस्पेक्टर केके चौधरी ने बताया कि परिवार में किसी बात को लेकर टेंशन थी, इसी वजह से महिला ने फांसी लगाकर जान दे दी है। आगे की कार्रवाई के लिए मामले में जांच की जा रही है।