मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी समेत चार पर हत्या का मुकदमा
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मेहमान शाह निवासी हाफिज शोएब की मौत के मामले में कोतवाली पुलिस ने मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी समेत चार लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पोस्टमार्टम के मुताबिक शोएब की मौत सल्फास से हुई थी। पोस्टमार्टम के दौरान मृतक जेब में सल्फास की गोलियों की डिब्बी भी मिली थी। पिता अच्छन ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि हाफिज शोएब की पत्नी शबली जान के संबंध पक्का तालाब निवासी उर्फ टीटू से हो गए थे। करीब एक महीने पहले वह अपने प्रेमी के घर चली गई थी। शोएब ने जब इसकी पुलिस में शिकायत की तो शबली ने कोर्ट में तलाक का मुकदमा दायर कर दिया था। छह दिन पहले अचानक शबली अपनी ससुराल लौट आई और वह तलाक का मुकदमा वापस लेने को भी तैयार हो गई थी। बुधवार को इस मामले में कोर्ट में शबली के ब्यान होने थे। वह शोएब के साथ कचहरी आई भी थी। कचहरी से घर लौटने के बाद शोएब की अचानक तबीयत खराब हो गई और उल्टियां होने लगीं। परिवार वाले शोएब को एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, लेकिन डॉक्टर ने जवाब दे दिया था। इसके बाद परिवार वाले शोएब को बरेली ले जा रहे थे। तभी रास्ते में उनकी मौत हो गई। इसके बाद परिवार वालों ने पत्नी, उसके प्रेमी और परिवार वालों पर शोएब को जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया था। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस के आश्वासन पर मामला शांत हुआ था। कोतवाली पुलिस ने शोएब की पत्नी शबली, उसके प्रेमी धर्मेंद्र उर्फ टीटू, धर्मेंद्र के भाई इंद्रपाल और पिता मुन्नालाल के खिलाफ धारा 302 और 328 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।