पुलिस ने दस माह से फरार चल रहे एक पशु तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार विगत अक्तूूबर 2014 में जलालाबाद रोड पर गांव फीलनगर के पास प्रतिबंधित पशुओं से भरा भारत पेट्रोलियम का टैंकर पकड़ा था। तब पशु तस्कर पुलिस हाथ नहीं आ सके थे। पुलिस की जांच पड़ताल के बाद खुलासा हुआ कि उक्त टैंकर मोहम्मद आजम पुत्र जाहिद निवासी गांव ताहरपुर थाना मैनाठेर जिला मुरादाबाद का निकला। इसने उक्त टैंकर को पशु तस्करी के उद्देश्य से बनवाया था। पुलिस के मुताबिक उक्त टैंकर को इश्तियाक पुत्र शफीक निवासी टेहरी रामपुर ने किराए पर लेकर तस्करी का धंधा शुरू कर दिया था। दस माह पूर्व जब पुलिस ने टैंकर को घेरा तब उक्त टैंकर के चालक ने पुलिस पार्टी पर टैंकर चढ़ाने की कोशिश भी की थी।। पुलिस ने पशु तस्कर इश्तियाक को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर उसे जेल भेज दिया है।